इंदौर में कई लोगों को ठगने का मामला सामने आया है।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में ठगी का एक नया मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलपति की सेवा संस्था से जुड़ा प्रतिनिधि बताकर लोगों को व्यापार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा दिया। रजिस्ट्रेशन के नाम पर आरोपी ने फरियादियों से हजारों रुपये जमा करा लिए। मामले में तीन से चार लोगों ने इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत की है।
फरियादियों के मुताबिक, उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। उसने खुद को विजय थलपति की सेवा संस्था से जुड़ा प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि संस्था की ओर से कुछ लोगों को व्यापार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देने के लिए चिन्हित किया गया है। आरोपी ने फरियादियों को भी सहायता दिलाने का भरोसा दिया और इसके लिए पहले संस्था में रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही।
ये भी पढ़ें-
शव के साथ कृत्य पर भड़के अघोर अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोले- सनातन-अघोर परंपरा में नहीं इसका विधान
आरोपी की बातों में आकर फरियादियों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर करीब 50 से 60 हजार रुपये उसके बताए माध्यम से जमा कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी अलग-अलग बहाने बनाने लगा। जब काफी समय बाद भी आर्थिक सहायता नहीं मिली तो फरियादियों को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने क्राइम ब्रांच में शिकायत की।
मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच
शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि किसी संस्था, संगठन या प्रसिद्ध व्यक्ति के नाम पर फोन कर आर्थिक मदद दिलाने का दावा करने वाले लोगों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस या अन्य किसी बहाने से पैसे मांगे जाने पर संबंधित संस्था और पुलिस से जानकारी की पुष्टि करें। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।