इंदौर शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राहुल परमार और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े 11 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, खजराना थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल परमार और नाबालिग को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पढे़ं: नर्मदापुरम में आधी रात अग्निकांड, पांच गुमठियां और ठेले खाक; लाखों के नुकसान की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि मुख्य आरोपी राहुल परमार लंबे समय से एमडी ड्रग्स की तस्करी से जुड़ा हुआ था। वह बाहर से एमडी ड्रग्स लेकर आता था और शहर में अन्य लोगों के माध्यम से इसकी सप्लाई करवाता था।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी एमडी ड्रग्स कहां से लेकर आता था और शहर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी मात्रा में ड्रग्स शहर में खपा चुके हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।