इंदौर के मनभावन नगर में एक तीन साल के बच्चे की लिफ्ट की डक्ट में गिरने से मौत हो गई। बच्चा सोमवार शाम को घर से खेलने के लिए निकला था, इस दौरान उसकी मां अपने एक साल के बेटे को सुला रही थी, वहीं पिता बाहर गए थे। बेटा मां के साथ ही बैठा था, लेकिन जब वह कुछ देर बाद नहीं दिखा तो मां ने उसे आवाज दी, जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो मां ने उसे आसपास खोजा, बेटा तब भी नहीं मिला। जब पिता घर लौटे तो वे भी आसपास के लोगों के साथ बेटे को खोजने निकले। करीब तीन किमी तक बेटे की मोबाइल में तस्वीर लिए वे उसे खोजते रहे लेकिन बेटे का कहीं पता नहीं चला।
काफी देर तक खोजने के बाद सभी वापस आकर लिफ्ट की डक्ट के पास ही बैठ गए, इसी दौरान एक व्यक्ति को बच्चे की लाश डक्ट में उतराते हुए दिखी, लोगों ने तत्काल नीचे उतरकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। लिफ्ट के डक्ट में पानी भरा था, लिहाजा डूबने के चलते बच्चे की मौत होना बताया जा रहा है।
पलासिया पुलिस के मुताबिक मनभावन नगर में 3 मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। बच्चे के माता पिता इसी बिल्डिंग में रहकर चौकीदारी करते हैं। घटना वाली शाम मां बल्डिंग के ही एक कमरे में छोटे बेटे को सुला रही थी, इसी दौरान बड़ा बेटा खेलने गया और लिफ्ट की डक्ट में गिरकर हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में लिफ्ट लगाने के लिए करीब छह से सात फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जो कि काफी समय से बंद था। लेकिन सोमवार को लिफ्ट के उपकरण लगाने के लिए मजदूर काम करने आए थे, जिसके चलते कुछ घंटों पहले ही उसे खोला गया था।