इंदौर के भंवरकुआं थाना पुलिस ने चने की बोरियों में हेराफेरी कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 बोरी चना बरामद कर लिया है, जबकि मामले में हरदा निवासी एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, व्यापारी राजू सारदा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने हरदा से 29 बोरी चना खरीदा था। जब माल की डिलीवरी उनके पास पहुंची और बोरियों की जांच की गई तो उनमें चने की जगह पानी की प्लास्टिक की बोतलें और पत्थर भरे मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने परिवहन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि ट्रक चालक समीर और उसके साथी सतीश ने रास्ते में एक ढाबे पर वाहन रोककर चने से भरी बोरियों में हेराफेरी की।
ये भी पढ़ें-
सिंधिया राजघराने का महा-समझौता फिर अटका, 27 जुलाई तक टली ग्वालियर जिला कोर्ट में सुनवाई
दोनों आरोपियों ने बोरियों से चना निकालकर उसकी जगह पानी की प्लास्टिक की बोतलें और पत्थर भर दिए, ताकि वजन में ज्यादा अंतर दिखाई न दे और धोखाधड़ी का पता आसानी से न चल सके। इसके बाद चने की बोरियों को अलग स्थान पर छिपा दिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 28 बोरी चना बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे घटनाक्रम में हरदा निवासी धर्मेंद्र की भी भूमिका है। पुलिस ने उसे भी मामले में आरोपी बनाया है और उसकी तलाश की जा रही है। भंवरकुआं थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी किए गए माल को कहां खपाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।