इंदौर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज होकर अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, लसूडिया थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर-114 में सूचना मिली थी कि एक घर में 60 वर्षीय गीताबाई का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मृतका के बेटे आकाश ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। आरोप है कि उसने लात-घूंसों से हमला किया, जिससे महिला की मौत हो गई।
हत्यारे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे आकाश को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी ममता पारिवारिक विवाद के चलते बुधवार को घर छोड़कर चली गई थी। इसी बात से वह नाराज था। देर रात घर लौटने पर उसकी मां से कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- खुशखबरी: एमपी में देश की सबसे बड़ी जल सुरंग तैयार, बदलेगी विंध्य की तस्वीर; बंजर खेतों में पहुंचेगा नर्मदा जल
बहू घर छोड़कर चली गई थी
पुलिस के अनुसार, परिवार में लंबे समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर सास और बहू के बीच विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते बहू घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।