पलासिया थाना क्षेत्र के मनोरमागंज में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक देवी अपार्टमेंट के पास स्थित एक मकान में अचेत अवस्था में मिला था। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान शौर्य पिता पंकज माली के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शौर्य घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा था। इसकी जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन में ब्लास्टिंग का कहर: पत्थर उड़कर गिर रहे घरों पर, प्रशासन का अजीब जवाब- घर छोड़कर चले जाओ
विदेशी कंपनी के लिए करता था काम
बताया जा रहा है कि शौर्य पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और एक विदेशी कंपनी के लिए ऑनलाइन काम करता था। वह घर से ही कंपनी का काम संभाल रहा था। युवक की अचानक मौत से परिजन और परिचित स्तब्ध हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर पलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।