राजा रघुवंशी हत्याकांड के सोनम समेत पांचों आरोपियों से शिलांग में जारी पूछताछ के बीच राजा के बड़े भाई ने सोनम और उसके परिजनों के नार्को टेस्ट की मांग की है। सोमवार को राजा की तेरहवीं के दौरान बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने मीडिया से कहा कि वह चाहते हैं कि सोनम, उसके माता पिता, भाई गोविंद और भाभी का नार्को टेस्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें शक है कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। उधर, शिलांग पुलिस सोमन समेत पांचों आरोपियों को पड़ताल व सबूत जुटाने के लिए इंदौर ला सकती है। माना जा रहा है कि सोनम ने अपने मोबाइल शिलांग से लौटकर आने के बाद इंदौर में छिपाए हैं।
ये भी पढ़ें- राजा और सोनम की वारदात से पहले की दिखी झलक, पर्यटक के कैमरे में घाटी की ओर जाते दिखे, Video
राजा की 13 वीं के दौरान मीडिया से चर्चा में विपिन रघुवंशी ने कहा कि हम सोनम के परिवार के सभी लोगों का नार्को परीक्षण चाहते हैं ताकि पूरी सचाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि हत्याकांड को लेकर एक के बाद एक वीडियो सामने आ रहे हैं, इससे लगता है कि मेरे छोटे भाई की हत्या की साजिश में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
बुधवार को खत्म होगी पांचों की रिमांड
राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल राज-सोनम सहित पांचों आरोपियों का रिमांड जारी है। बुधवार को रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस कोर्ट से पांचों आरोपियों को इंदौर लाने की अनुमति ले सकती है। अभी तक आरोपियों के पास से कई चीजें बरामद नहीं हुई हैं, जो शिलांग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत हैं। सोनम ने हत्या के बाद 14 दिन इंदौर में फरारी काटी थी। वह पांच दिन राज के लक्ष्मणपुरा के घर में भी रुकी थी। शिलांग पुलिस दोनों घरों की तलाशी लेगी, ताकि वहां से अहम सबूत मिल सकें।
बुर्का भी बरामद नहीं हुआ
सोनम अपने साथ जेवर और काफी नकद रुपये में ले गई थी। जिसे पुलिस ने अभी बरामद नहीं किया है। इसके अलावा सोनम के दोनों फोन और राजा की हत्या के बाद उसके शरीर से निकाली गई सोने की चेन, अंगूठी भी पुलिस को नहीं मिली है।