पलासिया थाना क्षेत्र के मनोरमागंज स्थित एक अपार्टमेंट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शौर्य माली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिजनों ने युवक की मौत को लेकर किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की है। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शौर्य के पिता पंकज माली ने सबसे पहले उसे बेहोश हालत में देखा था। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए बेटे को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। परिजन इस उम्मीद में थे कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकेगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
हथियारबंद पांच बदमाशों ने एक ही गांव के पांच घरों को बनाया निशाना, लाखों का माल लेकर फरार
बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से ही माता-पिता गहरे सदमे में हैं।पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक, माता-पिता के सामान्य स्थिति में आने के बाद उनके बयान लिए जाएंगे। पिता पंकज माली से भी घटना से जुड़ी परिस्थितियों, शौर्य की तबीयत और घटना से पहले की गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई जाएगी।