राजेंद्र नगर पुलिस ने कार चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और दो महाराष्ट्र के कल्याण के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की कारें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सामान बरामद किया है।
10 दिन में चोरी हुई थीं तीन कारें
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में करीब 10 दिनों के भीतर तीन कार चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी इमरान और मोहम्मद तौफीक को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें-
दुष्कर्मी को बचाने भोपाल पुलिस दे रही पीड़िता को हनी ट्रैप में फंसाने की धमकी, हाईकोर्ट पहुंचा मामला
निशानदेही पर महिला समेत दो आरोपी पकड़े
पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के कल्याण निवासी वर्षा और संजीव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी मिलकर कार चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। जांच में सामने आया कि महिला आरोपी वर्षा इलेक्ट्रॉनिक लॉक को क्रैक करने में माहिर थी। लॉक खुलने के बाद गिरोह कार चोरी कर उन्हें देश के अलग-अलग शहरों में कम कीमत पर बेच देता था।
अन्य वारदातों की भी जांच
पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने इंदौर के अलावा मध्य प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसी तरह कार चोरी की वारदातें की हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।