मध्यप्रदेश में तेज गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है। मंगलवार को छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई, और मौसम विभाग ने ओले गिरने की संभावना भी जताई है। इसके अलावा बैतूल, डिंडौरी और पांढुर्णा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। उज्जैन में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। इस बीच उज्जैन और नीमच में स्कूलों का समय भी बदला गया है, और अब यहां नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
रात के तापमान में बढ़ोतरी
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। सबसे गर्म सागर रहा, जहां पारा 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा खंडवा-धार में 26.4 डिग्री, खरगोन में 25.4 डिग्री, रतलाम में 25 डिग्री, गुना में 24.9 डिग्री, नर्मदापुरम में 24.2 डिग्री, इंदौर-दमोह में 23.2 डिग्री, सतना में 23.1 डिग्री और रीवा में 23 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल में 22.4 डिग्री, उज्जैन में 21.2 डिग्री, ग्वालियर में 21.4 डिग्री और जबलपुर में पारा 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
हीट वेव का अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण तेज गर्मी का असर बना रहेगा। श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, नीमच, मंदसौर और रतलाम में लू का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 9 और 10 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में हीट वेव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अप्रैल को प्रदेश के कई शहरों में हल्की बारिश हो सकती है, जो गर्मी को कुछ राहत दे सकती है।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार
सोमवार को मध्यप्रदेश के सभी शहरों में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, नर्मदापुरम में 44.3 डिग्री और रतलाम में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सीजन में पहली बार था, जब भोपाल-इंदौर समेत सभी पांच बड़े शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार गया। भोपाल में 41.6 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, ग्वालियर में 41.7 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और जबलपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।