मंगलवार को घोषित हुए मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं कक्षा के परिणाम में इंदौर की वैदेही, पिता मिश्र लाल मंडलोई, ने कला संकाय में प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया। वैदेही को कुल 500 में से 486 अंक प्राप्त हुए हैं। वह शासकीय बाल विनय मंदिर की छात्रा हैं। वैदेही ने बताया, “मैंने पूरे वर्ष लगातार पढ़ाई की। रोजाना 5 से 6 घंटे की पढ़ाई की और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी।” वैदेही का लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस बनना है, इसी उद्देश्य से उन्होंने कला विषय का चयन किया था। वैदेही का परिवार बड़ा है माता-पिता, तीन बहनें और एक भाई हैं। वह भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। उनके पिता पूर्व में होटल में कार्यरत थे, पर अब स्वास्थ्य ठीक न रहने के कारण घर पर रहते हैं। वैदेही की बड़ी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। वैदेही को उम्मीद थी कि उनके अंक 95 प्रतिशत से अधिक होंगे।