इंदौर में मौसम बदला और मई में भी बारिश हुई।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
नौतपा इस बात तप नहीं रहा बरस रहा है। मध्यप्रदेश में कल नौतपा के पहले दिन भीषण गर्मी की बजाय आंधी-बारिश का दौर रहा। कई शहरों में पानी गिरा और कई जगह दिन के पारे में भारी गिरावट रही। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार दिन के तापमान में 10 डिग्री की कमी है। आज सोमवार को इंदौर, जबलपुर समेत 44 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक आंधी की रफ्तार हो सकती है। इंदौर में रविवार को दिनभर उमस रही। बीच बीच में ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी। दिन का पारा 1.1 डिग्री गिरकर 33.8 पर आ गया और रात का पारा 0.1 डिग्री गिरकर 26.5 पर आ गया।
चार दिन आंधी बारिश का अलर्ट
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक्टिव होने की वजह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस वजह से आने वाले चार दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मई में बारिश-आंधी का दौर, दूसरे पखवाड़े में गर्मी का असर
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मई के महीने में ही सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। पिछले 10 साल का ट्रेंड देखें तो कई शहरों में पारा 47-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिन में हीट वेव चलती हे तो रातें भी गर्म रहती हैं, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज अलग रहा। लगातार 19 दिन तक बारिश हुई है। ऐसे में रविवार-सोमवार से गर्मी ने असर दिखाना शुरू किया।
मई में गिर चुका 5 इंच पानी
31 मई 1994 को मई के महीने में इंदौर में पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 2023 में पूरे महीने में 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। साल 2024 में भी तेज गर्मी रही थी। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश का दौर भी चला था। इस साल मौसम का मिजाज मिला-जुला रहा। मई में ही यहां करीब 5 इंच पानी गिर चुका है। वहीं, 121 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी चल चुकी है। जिससे पारे में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन आखिरी दिनों में गर्मी बढ़ सकती है।