गेट पहले बन गया, टैंडर बाद में जारी किए।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर के एक वार्ड में एसीपी शीट लगाने में हुई गड़बड़ी का मामला नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने पकड़ा है और इसकी शिकायत वे लोकायुक्त में करेंगे। काम दिसंबर माह मेें अफसरों ने करा लिये, लेकिन नगर निगम ने टैंडर अब जारी किए, जो 9 फरवरी को खुलेगा। नियमानुसार ऐसा नहीं हो सकता है।
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र एक के वार्ड क्रमांक 9 की कमला नेहरु कॉलोनी में अटल द्वार बनाया गया था। पिछले साल द्वार पर एल्युमीनियम शीट लगाई गई। यह काम नगर निगम ने कराया था,लेकिन तब टैंडर जारी नहीं किए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्मदिन पर द्वार का लोकार्पण कृष्णमुरारी मोघे, जयपाल सिंह चावड़ा व एमआईसी मेंबरों की मौजूदगी में किया गया। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने द्वार के लोकार्पण के फोटो भी सोश्ल मीडिया पर वायरल किए थे।
नेता प्रतिपक्ष चौकसे का कहना है कि गेट की अनुमानित लागत साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई। काम पूरा होने के बाद लोकार्र्पण भी हो गया,लेकिन नगर निगम ने उस कार्य के टैंडर 19 जनवरी को जारी किए, जो 3 फरवरी को खोले जाएंगे,जबकि काम पहले ही पूरा हो चुका है।
नियम यह कहता है कि टैंडर जारी होने के बाद जिसे ठेका मिले, वह निर्माण करता है, लेकिन द्वार के मामले में अफसरों ने भी ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए पहले उससे काम करा लिया। इससे नगर निगम को भी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।