शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। क्षेत्र की अलकापुरी कॉलोनी के सामने दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कृष्ण नामक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: उज्जैन: महाकाल की नगरी में 17 से VIP का महासंगम, मोहन भागवत-नितिन नबीन-अवधेशानंद और मनोज मुंतशिर आएंगे
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस घटना की वजह और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जुलूस के दौरान किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और चाकूबाजी तक कैसे पहुंचा।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की जानकारी स्पष्ट होगी।