इंदौर में छिंदवाड़ा से अपने दोस्त से मिलने आए 24 वर्षीय बीटेक पास युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खंडवा रोड पर खाना खाने जाते समय रास्ते में घबराहट होने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी थी, पुलिस को हार्ट अटैक की आशंका है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
इंदौर में अपने दोस्त से मिलने आए एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक बुधवार को ही छिंदवाड़ा से इंदौर आया था। शाम के समय वह अपने दोस्त के साथ खाना खाने के लिए खंडवा रोड की तरफ जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत बिगड़ने पर वह गाड़ी से उतरकर सड़क किनारे लेट गया। उसे गंभीर हालत में अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
विज्ञापन
खाना खाने जाते समय रास्ते में हुई घबराहट
परदेशीपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान छिंदवाड़ा निवासी 24 वर्षीय हर्ष पिता शरद के रूप में की गई है। हर्ष परदेशीपुरा क्षेत्र की स्कीम नंबर 90 में रहने वाले अपने मित्र प्रखर से मिलने के लिए इंदौर पहुंचा था। बुधवार की दोपहर को दोनों दोस्त गाड़ी लेने के लिए गए थे। इसके बाद शाम को दोनों खाना खाने के उद्देश्य से खंडवा रोड की ओर निकले थे। सफर के दौरान रास्ते में ही हर्ष को अचानक तेज घबराहट महसूस होने लगी। बेचैनी बढ़ने पर उसने गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर सड़क किनारे लेट गया।
तीन अस्पतालों के चक्कर के बाद एमवाय अस्पताल में तोड़ा दम
हर्ष की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसका दोस्त प्रखर उसे तुरंत तेजाजी नगर स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे किसी दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद प्रखर उसे एक अन्य निजी अस्पताल लेकर गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमवाय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद हर्ष को मृत घोषित कर दिया। रात के समय एमवाय अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।
विज्ञापन
इसी साल पूरी की थी बीटेक की पढ़ाई, इकलौता बेटा था हर्ष
परदेशीपुरा थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि हर्ष ने इसी साल अपनी बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। वर्तमान में वह छिंदवाड़ा के चिचली इलाके में अपने पिता के एक परिचित के पास कंस्ट्रक्शन का काम सीख रहा था। वह बुधवार को ही छिंदवाड़ा से इंदौर आया था। हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता पेशे से सरकारी शिक्षक हैं और परिवार में मां के अलावा एक बहन भी है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम पसर गया है।
हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की मौत के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद हर्ष के परिजन भी छिंदवाड़ा से इंदौर पहुंच गए हैं, जिनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।