Indore Weather Today: इंदौर में एक घंटे की तेज बारिश से कई बस्तियां जलमग्न हो गईं, निचले इलाकों में पानी भर गया और बिजली भी बाधित हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इंदौर में मंगलवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। एक घंटे तक चली मूसलधार बारिश ने कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया। सुबह से जारी बूंदाबांदी ने 11 बजे के बाद तेज बारिश का रूप ले लिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक लगातार झमाझम बारिश जारी रही। तेज बारिश ने पूरे शहर को भीगो दिया। इससे इंदौर की अधिकांश निचली बस्तियों में पानी भर गया। कई घरों में पानी घुसने की सूचना है। बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है और कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
एक इंच से अधिक पानी गिरा
मौसम विभाग ने इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक भारी वर्षा की संभावना जताई है। मंगलवार को पारा 0.2 डिग्री होकर 27.6 पर आ गया और रात का पारा 0.4 डिग्री कम होकर 22.8 पर आ गया। शाम को पांच बजे तक 1 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। इंदौर में सबसे अधिक पानी मध्य क्षेत्र में भरा। नंदा नगर, मालवा मिल से लेकर विजय नगर क्षेत्र में लोग जल भराव की वजह से परेशान होते रहे। पिछले साल की तरह इस साल भी सुखलिया से लेकर निरंजनपुर वाले क्षेत्र में लगभग एक घंटे तक लोग जलभराव की वजह से फंसे रहे। इसके अलावा बाणगंगा, सुपर कारिडोर की कई बस्तियों में भी पानी एक से दो घंटे तक भरा रहा।
तापमान में गिरावट, पर बारिश अभी भी कम
पिछले दो दिनों से शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। बीते सोमवार को शहर में पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही, लेकिन केवल 1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जून माह में अब तक लगभग डेढ़ इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत करीब 5 इंच होता है। ऐसे में अगले छह दिनों में लगभग 3.5 इंच और वर्षा की आवश्यकता है।
मजबूत सिस्टम से बढ़ी उम्मीदें
फिलहाल, मध्यप्रदेश के ऊपर से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिससे वर्षा का एक सक्रिय सिस्टम बना हुआ है। इसी कारण सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। विशेषकर इंदौर और उज्जैन संभाग में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।