इंदौर-दाहोद रेल लाइन की टनल में टॉवर वेगन का ट्रायल रन
- फोटो : amar ujala
इंदौर-दाहोद रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। नए साल में यात्रियों को इंदौर से धार तक रेल मार्ग की सौगात मिल सकती है। इस ट्रैक पर बनी सुरंग में सोमवार को टावर वेगन चलाकर ट्रायल रन किया गया। तीन हजार मीटर लंबी टनल का काम पूरा हो चुका है और ट्रायल भी सफल रहा।सोमवार रात अफसर टावर वेगन में सवार हुए। इसके बाद वेगन कम गति से टनल के दोनों सिरों के बीच दौड़ी। यह परीक्षण रेलवे ट्रैक की लिंकिंग पूरी होने के बाद किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि टीही से धार तक लगभग 47 किलोमीटर लंबे रेलखंड में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस रेलखंड में तीन हजार मीटर लंबी टनल भी है। टनल के अंदर बैलास्टलेस ट्रैक का निर्माण पूरा होने के साथ ही विद्युतीकरण और सिग्नलिंग का काम भी हो चुका है। टनल के दोनों सिरों पर टीही और पीथमपुर की ओर रेलवे ट्रैक की लिंकिंग पूरी होने के बाद टावर वेगन को टनल के आर-पार चलाकर निरीक्षण किया गया।
आपको बता दें कि टीही के समीप बनी टनल का काम छह साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन दो साल तक टनल में पानी भर जाने की वजह से काम बंद रहा। डेढ़ साल पहले रेलवे ने टनल के दोनों सिरों पर दोबारा काम शुरू किया था। अब टनल बनकर तैयार है। इस रेलखंड पर सबसे चुनौतीपूर्ण काम टनल का निर्माण ही था। इसके निर्माण में डेढ़ साल से ज्यादा का समय लगा है।
अब टीही से धार के बीच रेलवे ट्रैक का काम चल रहा है। इसे भी दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद पूरे ट्रैक का ट्रायल रन होगा और रेल सुरक्षा आयुक्त से ट्रेन संचालन की अनुमति ली जाएगी।