दीवार में दबने से तीन मजदूरों की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के राऊ क्षेत्र में निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। वे पानी की टंकी के आसपास दीवार बना रहे थे, लेकिन तेज बारिश के दौरान दीवार मजदूरों पर गिर गई। जिसके नीचे तीनों दब गए। कुछ देर बाद जेसीबी चालक ने गिरी दीवार देख ठेकेदार को सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो तीनों मजदूरों को निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है।
घटना राऊ क्षेत्र की शिव सिटी में हुई है। इस घटना में गौतम, रामेश्वर और टीटू नामक मजदूर की मौत हो गई है। इसके अलावा सोहन नामक युवक घायल हुआ है।शिव सिटी टाउनशिप में पानी की टंकी की दीवार बना रहे थे। दीवार की ऊंचाई ज्यादा थी। इसमें सफेद ईटों का इस्तेमाल हो रहा था। दीवार बारिश के दौरान भरभराकर गिर पड़ी और तीनों ईटों के ढेर के नीचे दब गए। दीवार के साथ पानी में बहकर आई मिट्टी भी उन पर गिरी। तीनों वजनी ईटों के नीचे से निकल नहीं पाए और उनका दम घुटने लगा। एक अन्य मजदूर जैसे-तैसे बाहर निकाला। उसकी हालत गंभीर है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए। लोगों ने बताया कि दीवार का निर्माण चार मजदूर ही कर रहे थे। जेसीबी चालक ने दीवार गिरने की सूचना दी थी। मौके पर दूसरे मजदूरों के पहुंचने पर पता चला कि तीन मजदूर नीचे दबे हुए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यदि ठेकेदार की लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ केस भी दर्ज हो सकता है।
तीनों मजदूर इंदौर के निवासी
हादसे में मृत तीनों मजदूर इंदौर के निवासी है। हादसे के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। शिव सिटी के पीछे बन रही स्मार्ट टाउनशिप में तीनों निर्माण का कार्य करते थे। हादसे में मृत रामेश्वर का एक बेटा है, जो उसके साथ कुंदन नगर इलाके में रहता है। उनकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है। इसके अलावा गौतम अविवाहित था। उसकी दो बहनें है। मृतक टीटू की भी शादी नहीं हुई थी। उसके परिवार में भी माता व पिता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस जगह दीवार बनाई जा रही था। उसके आसपास बारिश में मिट्टी बहकर आई और उसका दबाव कच्ची दीवार सह नहीं पाई थी।