लवकुश चौराहे के ब्रिज से ट्रैफिक शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर के व्यस्त चौराहों में से एक लवकुश चौराहे पर रविवार को ब्रिज की दूसरी भुजा भी ट्रैफिक के लिए खोल दी गई। इससे अब चौराहे पर ट्रैफिक जाम नहीं होगा। एक भुजा का लोकार्पण दो माह पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया था, लेकिन दूसरी भुजा बैगर किसी आयोजन के लिए खोल दी गई है।
सालभर के बीच इस चौराहे पर डबल डेकर ब्रिज भी तैयार हो जाएगा। यह प्रदेश का पहला डबल डेकर ब्रिज होगा। जो एक ब्रिज और मेट्रो ट्रेक को क्रास करके दूसरी तरफ उतरेगा। इसकी लंबाई एक किलोमीटर है,जबकि चौड़ाई 24 मीटर है।
रविवार को ब्रिज की भुजा से सुपर काॅरिडोर की तरफ से सुखलिया ग्राम की तरफ आने वाला ट्रैफिक आसानी से गुजरा। अभी तक वाहन ब्रिज के नीचे से जाते थे। इस कारण ट्रैफिक जाम होता था। इस चौराहे पर भारी वाहनों की आवाजाही भी ज्यादा रहती है। इसके चलते यह ब्लैक स्पाॅट भी बना हुआ था। सालभर में यहां हादसों के कारण सात मौतें हो चुकी थी,लेकिन अब भारी वाहन भी ब्रिज से गुजर रहे है।
70 फीट ऊंचाई पर बन रहा नया ब्रिज
चौराहे पर एक ब्रिज तो बन चुका है, लेकिन उसे क्रास कर उज्जैन की तरफ बनाए जा रहे ब्रिज पर स्लैब डालने का काम चल रहा है। इस ब्रिज की ऊंचाई जमीन से 70 फीट है,क्योकि तय नियमों के हिसाब से मेट्रो ट्रेक के 20 फीट के उपर से ही दूसरा स्ट्रक्चर बनाया जा सकता है।
ऊंचाई ज्यादा होने के कारण ब्रिज की लंबाई भी दूसरे ब्रिजों की अपेक्षा ज्यादा रखी गई है। ब्रिज की दूसरी भुजा अरबिंदो अस्पताल के गेट के पास तक आ रही है। इसके बाद से लोक निर्माण विभाग इंदौर-उज्जैन का छह लेन ब्रिज बना रहा है।