इंदौर में मंगलवार सुबह सयाजी होटल के बाहर से चाबी लगी टेम्पो ट्रैवलर लेकर भागा एक युवक हीरानगर और बाणगंगा में लोडिंग रिक्शा व बाइक को टक्कर मारकर पोल से टकरा गया। भीड़ ने पीछा कर चालक को पीटा, घायलों का एमवाय अस्पताल में इलाज जारी है।
इंदौर के हीरानगर और बाणगंगा क्षेत्र में मंगलवार को एक अनियंत्रित टेम्पो ट्रैवलर ने कई वाहनों को टक्कर मारकर भारी अफरा-तफरी मचा दी। हीरानगर में एक लोडिंग वाहन को जोरदार टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर बाणगंगा की ओर भाग निकला। वहां उसने एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर वाहन सीधे बिजली के खंभे में जा घुसा।
विज्ञापन
होटल के बाहर से वाहन ले भागा
एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे की है। प्रारंभिक जांच में मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे एक युवक ने सयाजी होटल के बाहर खड़ी एक टेम्पो ट्रैवलर गाड़ी को देखा, जिसमें चाबी लगी हुई थी। युवक गाड़ी में बैठा और उसे लेकर तेजी से हीरानगर की तरफ निकल गया, जहां कर्णावत पान कॉर्नर के पास उसने पहला हादसा किया।
भीड़ ने 2 किलोमीटर पीछा कर चालक को दबोचा
लोडिंग वाहन और बाइक में टक्कर मारने के बाद जब टेम्पो ट्रैवलर बिजली के खंभे से टकराकर रुका, तो आसपास मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने लगभग 2 किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया था। गाड़ी रुकते ही भीड़ ने चालक को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में खातीपुरा निवासी इंद्रपाल समेत 2 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक और दुर्घटना में चोटिल हुए अन्य लोगों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हादसे में शामिल टेम्पो ट्रैवलर, लोडिंग रिक्शा और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।