इंदौर के सुमन नगर इलाके में शनिवार शाम पानी की लाइन की खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से तेज रिसाव हुआ, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कुछ महीने पहले भी यहां ऐसा हादसा हो चुका है।
इंदौर के सुमन नगर इलाके में शनिवार शाम पानी की नई लाइन बिछाने के लिए गड्ढा खोदते समय बड़ी लापरवाही सामने आई। खुदाई के दौरान मजदूरों की गेती सीधे अवंतिका गैस की भूमिगत पाइपलाइन पर लग गई, जिससे पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग बुरी तरह घबरा गए। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
विज्ञापन
मजदूरों की गलती से हुई घटना
घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे की है जब इलाके में निर्माण और खुदाई का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय रहवासियों के अनुसार, दो मजदूर पानी की लाइन डालने के लिए जमीन खोद रहे थे। अचानक पाइपलाइन फटने से तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव होने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजदूरों ने तुरंत मौके पर मौजूद बिल्डिंग के सुपरवाइजर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बिना देर किए गैस कंपनी को तुरंत फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया गया।
टल गया बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही गैस कंपनी का आपातकालीन अमला और तकनीकी टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर सबसे पहले गैस की आपूर्ति को पूरी तरह बंद किया। इसके बाद पाइपलाइन की मरम्मत का युद्ध स्तर पर काम शुरू किया गया। समय रहते गैस सप्लाई रोक दिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जिससे प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
रहवासियों में रोष
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। यहां रहने वाले राजेश जोशी ने कहा कि इसी गली में कुछ महीने पहले भी गैस लीकेज के कारण एक भीषण हादसा हो चुका है, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। बार-बार इस प्रकार की घटनाएं सामने आने से भूमिगत पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनियों और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बचने के लिए भूमिगत पाइपलाइनों का सटीक नक्शा या जानकारी लेकर ही खुदाई का कार्य किया जाना चाहिए ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।