इंदौर और महू क्षेत्र में आरएसएस द्वारा पथ संचलन का आयोजन किया गया, जिसमें 345 बस्तियों के स्वयंसेवक शामिल हुए। संघ के शताब्दी वर्ष के समापन पर 28 अक्टूबर को डेली कॉलेज में वृहत एकत्रीकरण होगा, जहां राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया जाएगा।
रविवार को इंदौर और महू क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा पथ संचलन निकाला गया। इंदौर विभाग के 4 महानगरीय जिलों के 34 नगरों की करीब 345 बस्तियों तथा महू ग्रामीण के 6 खंडों के 65 मंडलों में इस संचलन का आयोजन किया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत भाजपा के कई बड़े नेता पथ संचलन में कदमताल मिलाते हुए दिखे।
विज्ञापन
प्रमुख मार्गों से निकले स्वयंसेवक
स्वयंसेवक अपनी-अपनी बस्तियों के प्रमुख मार्गों से कदमताल करते हुए निकले। इस आयोजन की तैयारियां पिछले 1 महीने से लगातार की जा रही थीं। इसके साथ ही विभिन्न शाखाओं में स्वयंसेवक समता का अभ्यास भी कर रहे थे।
28 अक्टूबर को होगा वृहत एकत्रीकरण
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम के रूप में 28 अक्टूबर को इंदौर विभाग का वृहत एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। डेली कॉलेज परिसर में शाम 4:30 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इंदौर विभाग के 5 जिलों के सक्रिय स्वयंसेवक शामिल होंगे।
विज्ञापन
चरैवेति-चरैवेति का संदेश
इस एकत्रीकरण का ध्येय वाक्य चरैवेति-चरैवेति रखा गया। इसका मुख्य संदेश यह था कि स्वयंसेवक राष्ट्रकार्य को निरंतर, निर्बाध और समर्पण के साथ आगे बढ़ाते रहें। संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्र निर्माण तथा व्यक्ति परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन के कार्य को जारी रखने का संकल्प दोहराया गया। संघ के अनुसार, भारत को परम वैभव पर प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से स्वयंसेवक भविष्य में भी इसी प्रकार ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।