गाड़ी अड्डा क्षेत्र में सड़क पर गड्ढा
- फोटो : amarujala
इंदौर में सड़कों के चौड़ीकरण पर करोड़ों रुपये नगर निगम खर्च कर रहा है, लेकिन पुरानी सड़कों के हाल बेहाल हैं। कहीं गड्ढे हो रहे हैं तो कहीं अतिक्रमण। इंदौर के गाड़ी अड्डा क्षेत्र में ब्रिज के नीचे की सड़क धंस गई और उसमें पांच फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया। यह सड़क सीमेंट की बनी है। गड्ढा किस वजह से हुआ, अफसर इसका पता लगा रहे हैं। सड़क के नीचे ड्रेनेज लाइन है। संभवत: ड्रेनेज लाइन फूटने के कारण जिस जगह मिट्टी धंसी है, वहां सड़क पर गड्ढा हो गया। फिलहाल उसके आसपास नगर निगम ने बैरिकेड लगा रखे हैं, ताकि लोग हादसे का शिकार न हो जाएं।
मंगलवार को जब रहवासियों ने क्षेत्रीय पार्षद को सड़क धंसने की सूचना दी तो मौके पर उन्होंने अफसरों को भेजा। अंधेरा होने के कारण उन्होंने गड्ढे को बैरिकेड से कवर किया और बुधवार सुबह फिर मौके पर पहुंचे और गड्ढे की वजह के बारे में पता लगाया। फिलहाल गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई है। पहले ड्रेनेज लाइन को दुरुस्त किया जाएगा।
आपको बता दें कि सालभर पहले इंदौर में मेघदूत गार्डन मार्ग पर भी चार फीट चौड़ा और पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया था। दरअसल, एक दूरसंचार कंपनी की लाइन ने नर्मदा लाइन फोड़ दी थी। इस कारण सड़क के नीचे पानी का रिसाव होने लगा था और मिट्टी धंसने के कारण गड्ढा हो गया। तब यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई थी।