राहुल गांधी ने पूछा- क्या खिला रहा है इंदौर
- फोटो : amarujala
स्वाद की राजधानी कहे जाने वाले इंदौर के पोहे देशभर में मशहूर हैं। इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ आयोजन में इंदौर की खान-पान संस्कृति के जरिए भी युवाओं को साधने की कोशिश राहुल गांधी ने की है। उन्होंने आयोजन के एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट की। इसमें लिखा, ‘क्या खिला रहा है इंदौर, पोहे-जलेबी या कुछ और।’ उनकी इस पोस्ट की सोशल मीडिया पर चर्चा है। दरअसल, इंस्टाग्राम को युवा ज्यादा पसंद करते हैं। इस कारण राहुल गांधी ने यह पोस्ट सिर्फ इंस्टाग्राम अकाउंट पर ही की है।
56 दुकान भी जा सकते हैं राहुल
इंदौर की सराफा चौपाटी और 56 दुकान खान-पान के लिए प्रसिद्ध हैं। पांच साल पहले जब राहुल गांधी चुनावी रैली में शामिल होने के लिए इंदौर आए थे, तो 56 दुकान भी गए थे। शनिवार को भी वे 56 दुकान जा सकते हैं। राहुल गांधी की इंदौर यात्रा में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के अलावा कोई दूसरा कार्यक्रम नहीं जुड़ा है, लेकिन इंदौर आने के बाद वे कुछ स्थानों पर जा सकते हैं। हालांकि, इसका खुलासा कांग्रेस नेताओं ने नहीं किया है।
मोदी भी कर चुके हैं सराफा का जिक्र
चार साल पहले इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन हुआ था। उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। तब कार्यक्रम में मोदी ने इंदौर को नए दौर का शहर बताते हुए सराफा चौपाटी का जिक्र किया था। इंदौर के पोहे भी काफी प्रसिद्ध हैं। जब प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू इंदौर आए थे, तब उन्होंने भी इंदौरी पोहे की खूब प्रशंसा की थी। दरअसल, इंदौर में पोहे भाप में पकाए जाते हैं और उन्हें गलाने का तरीका भी अलग-अलग रहता है। इस कारण इंदौर के पोहे खिले-खिले रहते हैं।