अफसर का व्यापारियों ने जलाया पुतला।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट का विरोध शुरू हो गया है। मल्हारगंज के व्यापारी लगाातर अंडरग्राउंड स्टेशन का विरोध कर रहे है। रविवार को उन्होंने प्रदर्शन के दौरान रघुपति राघव राजाराम की धुन बजाई। इस दौरान उन्होंने मेट्रो रेल कार्पोरेशन के एमडी का पुतला फूंका।
व्यापारियों ने शनिवार को धरना देकर अपना विरोध जताया था। मंच उस मशीन के सामने लगाया गया था, जो मिट्टी परीक्षण करने के लिए रखी गई है। इस हिस्से में अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए मिट्टी परीक्षण का काम भी चल रहा है।
मेट्रो स्टेशन के लिए 12 से ज्यादा मकान बाधक बने हुए है। पिछले दिनों मंत्री विजयवर्गीय ने मंच से सार्वजनिक रुप से घोषणा की थी कि मेट्रो का स्टेशन मल्हारगंज में नहीं बनेगा, लेकिन स्टेशन के लिए मिट्टी परीक्षण कराया जा रहा है। बाद में विजयवर्गीय ने कहा कि स्टेशन तो मल्हारगंज में बनेगा, लेकिन एक भी मकान नहीं टूटेगा, हालांकि इस मामले में अभी तक अफसरों की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। मल्हारगंज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक का हिस्सा है। इस विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश विजयवर्गीय है।
रविवार को व्यापारी नारेबाजी करते हुए मल्हारगंज चौराहे पर एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने अफसर का पुतला जलाया और नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बड़ा गणपति मल्हारगंज से ज्यादा दूर नहीं है। वहां भी स्टेशन बन रहा है, मल्हारगंज में स्टेशन की जरुरत नहीं है। व्यापारियों ने कहा कि यदि स्टेशन यहां पर बनता है तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
आपको बता दें कि शनिवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी थी। विरोध प्रदर्शन में भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन और कांग्रेस नेता कृपाशंकर शुक्ला भी मौजूद थे। मिट्टी परीक्षण के कारण लोगों में नाराजगी है। वे साल भर से स्टेशन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे है।