मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में इंदौर से पकड़े गए प्रांजल ठाकरान के मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में संपर्कों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रांजल इंदौर में वाकई अपने भाई का इलाज कराने आया था या फिर इलाज के बहाने गिरोह के लिए सदस्य जोड़ने की भी उसकी मंशा थी। पुलिस को यह भी पता चला है कि वह पहले भी इंदौर आ चुका है और उज्जैन भी गया था।
इंदौर में बिल्डरों, उद्योगपतियों और व्यापारियों से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने के मामले चर्चा में रहे हैं। ऐसे चार प्रकरण इंदौर के थानों में दर्ज हैं। इन धमकियों में हैरी बॉक्सर गिरोह का हाथ बताया जा रहा है, जो विदेश में बैठकर गैंग संचालित कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता कर रही हैं कि कहीं प्रांजल भी इस गिरोह का हिस्सा तो नहीं है। प्रांजल को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने छह दिन का रिमांड मांगा है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस उससे गिरोह के नेटवर्क और नई भर्तियों को लेकर पूछताछ करेगी।
उज्जैन भी आ चुका है
प्रांजल इंजीनियरिंग का छात्र है। उसे घूमने का भी शौक रहा है। कुछ वर्ष पहले वह उज्जैन घूमने आया था। उसने वहां के फोटो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी डाले थे। इसके अलावा वह कश्मीर और मनाली सहित कई हिल स्टेशनों पर घूमने जा चुका है। प्रांजल ने अपने दोस्तों का एक नेटवर्क भी बना रखा है।