लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
- फोटो : Amar Ujala
इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी के आयोजन को लेकर अनुमति को लेकर असमंजस बना हुआ है। अफसरों ने 24 घंटे में फैसला लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन कांग्रेस को अभी तक अनुमति नहीं मिल पाई है। दरअसल, जिस जगह राहुल गांधी ने आयोजन के लिए मांगी है, वह इंदौर विकास प्राधिकरण की है। वहां पहले इस तरह का आयोजन नहीं हुआ। मंगलवार को फिर कांग्रेस नेता अफसरों से मुलाकात कर अनुमति मांगेंगे।
उधर, कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने के मैदान में आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। वहां झाड़ियां हटाकर बुलडोजर से जमीन को समतल किया जा रहा है। इस मैदान को कांग्रेस ने भारत जोड़ो मैदान नाम दिया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि हमने पहले नेहरू स्टेडियम की मांग आयोजन के लिए की थी, लेकिन नगर निगम ने उसे नहीं दिया।
हमने अब रीजनल पार्क मैदान में आयोजन का फैसला लिया है और वहां पर ही आयोजन होकर रहेगा। चौकसे ने कहा कि अफसर भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। भाजपा को राहुल गांधी का फोबिया हो गया है। इस कारण वे इंदौर में होने वाले आयोजन को लेकर व्यवधान डाल रहे हैं।
70 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन का दावा
कांग्रेस नेताओं ने आयोजन के लिए कॉलेजों में जाना शुरू कर दिया है। उनका दावा है कि आयोजन में अब तक 70 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और दो लाख से ज्यादा युवाओं की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इंदौर के अलावा, देवास, उज्जैन, महू सहित आसपास के शहरों से भी विद्यार्थी आयोजन में शामिल होंगे। आयोजन में राहुल गांधी शिक्षा नीति, रोजगार सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे।