इंदौर के समीप सिमरोल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खजराना निवासी मोहसिन (26 वर्ष), पुत्र रहमान खान, की कुंड में डूबने से मौत हो गई। रविवार को मोहसिन अपने चार दोस्तों अनवर खान, वाहिद खान, हबीब और अन्य के साथ रोशिया बाबा दरगाह के पास बने कुंड में नहाने गया था। उसे तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वह गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
वीडियो बनाते रहे लोग, समय पर मदद नहीं मिली
घटना के वक्त कुछ युवक पास ही पार्टी मना रहे थे। जब मोहसिन डूबने लगा, तो मदद करने की बजाय उन्होंने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वे केवल चिल्लाते रहे, पर किसी ने पानी में उतरकर उसे बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। वहीं उसके साथ मौजूद दोस्त उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन सबके सामने वह धीरे-धीरे पानी में समा गया। घटना के वीडियो में कुछ ग्रामीण यह भी कहते सुने गए कि उन्होंने पहले ही युवाओं को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
परिवार को नहीं थी जानकारी, काम पर जाने की बात कहकर निकला था युवक
मोहसिन स्क्रैप का काम करता था और रविवार सुबह वह घर से काम पर जाने का कहकर निकला था। उसके भाई इमरान ने बताया कि परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि वह दोस्तों के साथ दरगाह और कुंड की ओर जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहसिन की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन बेटियों का पिता था मोहसिन, सबसे छोटी बेटी दो साल की
मोहसिन के चार भाई और दो बहनें हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं, जिनमें सबसे बड़ी 9 साल, दूसरी 7 साल और सबसे छोटी महज 2 साल की है। हादसे के बाद दोस्तों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी। बाद में ग्रामीणों की मदद से मोहसिन को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।