इंदौर में रविवार को दोस्त की बारात में शामिल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कार्यक्रम के दौरान उसे अचानक घबराहट होने लगी, जिसके बाद वह डीजे की गाड़ी में जाकर बैठ गया। हालत और खराब होने पर उसके साथी उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात उसकी मौत हो गई, जिससे शादी का माहौल मातम में बदल गया।
यह भी पढ़ें
बिजली कंपनी के उर्जस एप ने दिया धोखा, उपभोक्ता नहीं कर पाए बिलों का भुगतान
घबराहट और तेज पसीने से बढ़ी चिंता, दोस्तों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
हीरानगर पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय जितेंद्र, पिता संतोष सूर्यवंशी, निवासी बाणगंगा, रविवार को अपने दो अन्य दोस्तों के साथ चौकसे धर्मशाला में एक दोस्त की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उसे अचानक घबराहट हुई और वह डीजे की गाड़ी में बैठ गया। कुछ ही देर में उसे तेज पसीना आने लगा, जिसके बाद दोस्तों ने स्थिति गंभीर समझकर उसे तुरंत निहार अस्पताल ले जाया गया।
एमवाय रेफर के बाद बिगड़ी हालत, डॉक्टरों ने किया प्रयास लेकिन बचा नहीं सके
निहार अस्पताल में ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने जितेंद्र को तत्काल एमवाय भेजने की सलाह दी। करीब आधे घंटे बाद जब उसके मित्र उसे लेकर एमवाय पहुंचे, तब तक जितेंद्र की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। वहां डॉक्टरों ने उसे सीपीआर दिया और हार्टबीट जांची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सा टीम के अनुसार शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
परिवार में शोक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
डॉक्टरों के अनुसार घटना की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। बताया जाता है कि जितेंद्र चेयर बनाने का काम करता था। उसके परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और पत्नी हैं। अचानक हुई इस मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।