मेहंदी से प्रेमी का नाम हथेली पर लिखा
- फोटो : amarujala
इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में एक युवती ने आत्महत्या कर ली। यह कदम उठाने से पहले उसने अपने हाथ में मेहंदी से अपने प्रेमी का नाम लिखा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार रात को युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। जब उसकी तबीयत बिगड़ी, तो परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां उसने जहर खाने की बात स्वीकार की।
डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन आत्महत्या की वजह प्रेम प्रसंग मानी जा रही है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करेगी, जिससे कारण और स्पष्ट हो सकेगा।
खाना खाने के बाद मोबाइल पर बात की
चंदन नगर निवासी रानी पिता कन्हैयालाल एक फैक्ट्री में काम करती थी। शनिवार रात को उसने परिवार के लोगों के साथ खाना खाया और फिर मोबाइल पर बात करने के लिए आंगन में चली गई। लौटने के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और सोने चली गई।
रात को तबीयत बिगड़ने पर मां जागी और फिर परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवती की हथेली पर मेहंदी से शंकर लिखा हुआ था। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है, लेकिन लॉक होने के कारण अभी उसकी जांच नहीं हो पाई है। पुलिस शंकर नामक युवक से भी पूछताछ करेगी, ताकि आत्महत्या की सही वजह का पता चल सके।