साल 2024 इंदौर को बहुत कुछ अच्छा और बहुत कुछ दर्दभरा भी देकर गया। आइए आज जानते हैं वो सभी बड़ी घटनाएं जो देशभर में चर्चा का विषय बनीं। कभी इन घटनाओं ने बहुत खुशियां दी तो कभी बेहद दर्द देकर गईं। साल के अंत में जानते हैं वो कौन सी बातें थी जो इंदौरियों के जहन में हमेशा आती रहेंगी।
स्वच्छता में लगातार सातवीं बार अवॉर्ड
जनवरी में इंदौर को लगातार सातवीं बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड मिला। इस बार ये अवॉर्ड इंदौर और सूरत को संयुक्त रूप से दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में ये स्वच्छता सर्वेक्षण अवॉर्ड-2023 सीएम डॉ. मोहन यादव को दिया।
सिरपुर रामसर साइट
फरवरी में वर्ल्ड वेटलैंट का मुख्य कार्यक्रम रामसर साइट सिरपुर में हुआ। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां पर कई घोषणाएं की। सिरपुर को रामसर साइट घोषित किया गया। आर्द्र भूमि (वेटलैंड) को संरक्षित करने के लिए तालाबों व अन्य जल संरचनाओं को रामसर साइट अधिसूचित किया जाता है।
नगर निगम का भ्रष्टाचार
अप्रैल में शहर का सबसे बड़ा घोटाला सामने आया। इसमें नगर निगम से ड्रेनेज लाइन डालने, सड़क बनाने आदि कामों के लिए फर्जी बिल बनाकर 150 करोड़ रुपए निकाल लिए गए। कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर केस दर्ज हुए जिनकी अभी जांच चल रही है।
51 लाख पौधे
जून में इंदौर के लोगों ने 51 लाख पौधे लगाए। एक साथ 11 लाख पौधे एक ही दिन में लगाए गए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर इंदौर ने इतिहास रच दिया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अब इंदौर हर साल 51 लाख पौधे लगाएगा।
बैंक में गोली चलाकर लूट की घटना
जुलाई में पंजाब नेशनल बैंक में 6 लाख रुपए की लूट हुई थी। सुरक्षाकर्मी ने ही गोली चलाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। वह सेना से हटाने के बाद इस काम को कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दिया था।
युगपुरुष धाम आश्रम में दस बच्चों की मौत
युगपुरुष धाम आश्रम में जुलाई में बच्चों की मौत का मामला सामने आया। दस बच्चों की अलग अलग कारणों से मौत हुई थी। जांच के बाद आश्रम का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया है। आश्रम के बच्चों को उज्जैन के एक आश्रम में शिफ्ट किया गया है।
इंदौर में अवैध बेसमेंट तोड़े गए
अगस्त में इंदौर में नगर निगम ने अवैध बेसमेंट सील करने की कार्रवाई की। पूरे शहर में कई बड़े बाजार बेसमेंट में बने हैं। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कई प्रमुख होटल और माल्स के बेसमेंट सील किए। सुरक्षा पैमानों पर यह कार्रवाई की गई।
राष्ट्रीय जल पुरस्कार इंदौर
अक्टूबर में पांचवां राष्ट्रीय जल पुरस्कार इंदौर को मिला। जल संरक्षण में इंदौर अग्रणी जिले के रूप में उभरा है। राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा इंदौर को जल संरक्षण के लिए सर्वश्रेष्ठ जिले के तौर पर पुरस्कृत किया गया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में कलेक्टर आशीष सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल शुरू हुआ
अक्टूबर में PM ने ESIC के नए हॉस्पिटल का वर्चुअल लोकार्पण किया। 12 लाख कर्मचारियों को इसका मिलेगा फायदा। इंदौर में 85 एकड़ में बना है प्रदेश का सबसे बड़ा हॉस्पिटल। 3.78 करोड़ की लागत से इसे तैयार किया गया है।
तलवारबाजी का रिकार्ड
नवंबर में तलवारबाजी का विश्व रिकॉर्ड बना। नेहरू स्टेडियम में 5000 से अधिक महिलाओं ने एक साथ तलवारबाजी करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस मौके पर खूब आतिशबाजी की गई, सीएम डॉ. मोहन यादव ने तारीफ भी की।
यूरेशियन ग्रुप की बैठक
नवंबर में यूरेशियन ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। इसमें 25 देशों के 250 प्रतिनिधि इंदौर आए। बैठक मुख्य रूप से मनी लॉन्ड्रिंग व आतंकवाद को फंडिंग के खिलाफ रणनीति बनाने के उद्देश्य से की गई। कई बड़े निर्णय लिए गए और दुनियाभर के देशों को उनसे अवगत करवाया गया।
एक साथ उठी चार अर्थियां
साल के अंत में दिसंबर में भीषण हादसे में इंदौर का पूरा परिवार खत्म हो गया। नयन कुमार देशमुख परिवार के साथ मंदिरों में दर्शन के राजस्थान जा रहे थे। करौली में बस से उनकी कार भिड़ गई। देशमुख के साथ पत्नी, बेटे, बेटी और बहन समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
कांग्रेस कार्यालय पर हमला
दिसंबर में इंदौर के कांग्रेस कार्यालय पर हमला हुआ। आंबेडकर विवाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर काला तेल फेंका और खूब हुड़दंग मचाई। इस मामले में कोई केस भी दर्ज नहीं हुआ। पुलिस मूक दर्शक बनकर देखती रही।