इंदौर में दिनभर की उमस के बाद सोमवार शाम को हुई आधा इंच बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जिसके साथ ही कुल बारिश का आंकड़ा 12 इंच तक पहुंच गया है और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक रोजाना बारिश की संभावना जताई है।
इंदौर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार की सुबह से ही शहर का मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ था, जिसके चलते दिनभर लोगों को तेज गर्मी और भारी उमस का सामना करना पड़ा। दिनभर की उमस के बाद शाम को करीब छह बजे के बाद अचानक मौसम बदला और शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से लोगों को दिनभर की उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिनभर में शहर में करीब आधा इंच के लगभग बारिश दर्ज की गई है।
विज्ञापन
रुक-रुक कर हुई रिमझिम फुहारें
इससे पहले रविवार को भी शहर का मौसम दोपहर तक पूरी तरह खुला हुआ था। दोपहर के बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और रात तक रुक-रुक कर कई बार रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। हालांकि रविवार को हुई इस रिमझिम बारिश से शहर के खाते में केवल 2.2 मिलीमीटर पानी ही दर्ज हो पाया। इस हल्की बारिश के साथ ही इंदौर में सीजन की कुल बारिश का आंकड़ा अब 12 इंच के स्तर तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक रोजाना बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मुंबई के खराब मौसम का इंदौर पर असर
दूसरी तरफ महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार को लगातार खराब मौसम, मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के चलते हवाई यातायात पर भारी असर पड़ा। मुंबई हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होने और प्रतिकूल मौसम के कारण दो वाणिज्यिक विमानों को आपातकालीन स्थिति में इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किए गए इन विमानों में एयर इंडिया की दिल्ली से मुंबई जा रही उड़ान और इंडिगो एयरलाइंस की कोच्चि से मुंबई जा रही उड़ान शामिल थी। ये दोनों विमान रविवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास इंदौर हवाई अड्डे पर उतरे, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
विज्ञापन
यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
इंदौर विमानतल प्रशासन से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-2963 ने दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन मुंबई में मौसम की खराबी के कारण इसे सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर इंदौर भेज दिया गया। इस विमान में कुल 106 यात्री सवार थे। इसी तरह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-662 जो कोच्चि से मुंबई जा रही थी, उसे भी इसी वजह से सुबह 11 बजकर 08 मिनट पर इंदौर हवाई अड्डे पर उतारा गया। इस विमान में 137 यात्री यात्रा कर रहे थे। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि मुंबई में मौसम सामान्य होने के बाद ही दोनों विमानों को रवाना किया गया और इस दौरान सुरक्षा कारणों से यात्रियों को विमान के भीतर ही इंतजार करना पड़ा।