इंदौर के रेवती रेंज क्षेत्र में बारिश के दौरान एक खदान में पानी भर गया था। उसमें गुरुवार को चार नाबालिग दोस्त नहाने गए थे। खदान में पानी गहरा था। दो बच्चों को ठीक से तैरना नहीं आता था। दो बच्चे तो बाहर निकल गए, लेकिन दो पानी से भरी खदान में डूब गए। घटना के बाद बाणगंगा थाने के पुलिसकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन खदान में डूबे बच्चों का पता नहीं चला है।
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। चार दोस्त एक साथ बारिश में नहाने गए थे, लेकिन 14 वर्षीय शिवराज तंवर और प्रिंस दीवाना पानी से बाहर नहीं निकले। उनके दोस्तों ने परिजनों को यह बात बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। मौके पर बचाव दल पहुंचे और दोनों बच्चों को खोजा, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने की वजह से कुछ पता नहीं चला।
अब सुबह अमला फिर दोनों को खोजेगा। नहाने गए चारों बच्चे समीप की ही बस्ती में रहते थे। चार में से दो को तैराना आता था, लेकिन शिवराज और प्रिंस को तैरना नहीं आता था। पहले वे किनारे पर ही नहा रहे थे, लेकिन बाद में वे गहरे पानी में चले गए। कुछ देर तक वे निकले नहीं तो उनके दोस्त भाग कर बस्ती पहुंचे और घटना बताई। दोनो लापत बच्चों के माता-पिता मजदूरी करते है।