इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक ने कर्ज के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वीरेंद्र नामदेव (47) के रूप में हुई है, जो नगीन नगर के निवासी थे। उनका शव सोमवार रात को उनकी अपनी दुकान में फंदे से लटका मिला।
यह भी पढ़ें...
World Cotton Day: जैविक कपास का 40 फीसदी उत्पादन MP में, पीएम मित्र पार्क से बदलेगी मालवा निमाड़ की तस्वीर
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र नामदेव राज नगर इलाके में 'श्रीनाथ इलेक्ट्रॉनिक्स' नाम से अपनी दुकान चलाते थे। सोमवार रात जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिवार वाले उनकी दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने वीरेंद्र को फंदे से लटका हुआ पाया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तुरंत चंदन नगर पुलिस को दी गई।
बैंक और कर्जदारों का था दबाव
परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि वीरेंद्र पिछले कुछ समय से कर्ज को लेकर तनाव में थे। उन पर कुछ कर्जदारों और विशेषकर एक निजी बैंक का भारी दबाव था। आरोप है कि बैंक के कर्मचारी अक्सर उनकी दुकान पर आकर उन्हें धमकाते थे और पैसे के लिए परेशान करते थे। रिश्तेदार मुकेश ने बताया कि वीरेंद्र ने लगभग दो साल पहले एक निजी बैंक से होम लोन लिया था और उसे चुकाने के लिए अपना एक मकान भी बेच दिया था। इसके बावजूद बैंक की तरफ से और पैसों की मांग की जा रही थी, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुके थे।
परिवार में पसरा मातम
वीरेंद्र अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें उनकी पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा, माता-पिता और एक भाई शामिल हैं। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।