इंदौर में ट्रैफिक पुलिस बाइकों के मॉडिफाई साइलेंसर से उत्पन्न तेज आवाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। शहर में लोगों को पटाखों जैसी आवाजें और अन्य तेज आवाजों से हो रही परेशानी के कारण पुलिस ने ये कदम उठाया है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कई बुलेट बाइकों के साइलेंसर निकाल दिए हैं और चालान काटकर जुर्माना भी वसूला है। पिछले एक सप्ताह से जब्त साइलेंसर को पुलिस ने गुरुवार को विजय नगर थाना क्षेत्र में रोलर की मदद से तोड़ा। जब इन्हें तोड़ा गया तो पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा और अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए थे।
विज्ञापन
जुर्माने के साथ जब्त हो रहे साइलेंसर
विजय नगर थाना क्षेत्र में पुराने आरटीओ के पास सभी जब्त साइलेंसर को रोलर की मदद से तोड़ा गया। आज 300 से अधिक साइलेंसर तोड़े गए और 300 बचे हुए हैं जिन्हें महू थाना क्षेत्र में तोड़ा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई में कर्कश आवाज करने वाले साइलेंसर जप्त किए जा रहे हैं। इस पहल के पीछे पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारना और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है। पुलिस द्वारा विभिन्न चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे कई मॉडिफाई साइलेंसर जब्त किए गए हैं। इस तरह के साइलेंसर लगाने पर एक हजार रुपए का जुर्माना लग रहा है और साइलेंसर भी जब्त हो रहे हैं।
जारी रहेगी कार्रवाई
इस कार्रवाई के कारण यातायात थाने पर जब्त किए गए साइलेंसरों का अंबार लग चुका है। इन साइलेंसरों से उत्पन्न तेज आवाजें न केवल परेशान करने वाली हैं बल्कि कई बार जानलेवा भी साबित हो सकती हैं। पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर के निवासियों को एक शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।