Indore News: रेवती रेंज में 12 लाख से ज्यादा पौधों की देखभाल के लिए 13 करोड़ की लागत से पानी की टंकी बनाई जाएगी। इसके अलावा, गजीबो, पाथवे, वॉच टॉवर और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे।
रेवती रेंज में लगाए गए 12 लाख से ज्यादा पौधों की देखभाल के लिए अब 13 करोड़ की लागत से पानी की नई टंकी बनाई जाएगी, जिससे इन पौधों को नियमित पानी मिल सके। इसके साथ-साथ वहां आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गजीबो, पाथवे और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। फिलहाल पौधों को पानी देने के लिए नगर निगम के टैंकरों का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन नई बनाई जाने वाली टंकी में कबीटखेड़ी ट्रीटमेंट प्लांट से ट्रीटेड पानी पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
विज्ञापन
12 लाख पौधे का रिकॉर्ड बना था
रेवती रेंज की पहाड़ी पर शहरभर के लोगों और विभिन्न संगठनों की मदद से एक ही दिन में 12 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का रिकॉर्ड बना था। इसके बाद से वहां पौधों की देखभाल के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कल नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस क्षेत्र का निरीक्षण किया, जिसमें संभागायुक्त दीपक सिंह, नगर निगमायुक्त शिवम वर्मा, आईडीए के सीईओ रामप्रकाश अहिरवार, एमआईसी मेंबर राजेंद्र राठौर और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
13 करोड़ रुपए से बनेगी टंकी
मंत्री विजयवर्गीय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेवती रेंज की पहाड़ी पर गजीबो, पाथवे, विद्युत व्यवस्था, स्टोर रूम, कंट्रोल रूम, वॉच टॉवर और प्रवेश द्वार सहित अन्य कार्य जल्द से जल्द पूरे कराए जाएं। इन सभी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहां 13 करोड़ रुपये की लागत से 10 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी बनाई जाएगी, जिससे पौधों को नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
विज्ञापन
पाइप लाइन बिछेगी
एमआईसी मेंबर राजेंद्र राठौर के अनुसार, फिलहाल निगम के चार टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई किया जाता है, लेकिन इस नई टंकी के निर्माण से यह प्रक्रिया और अधिक सुव्यवस्थित होगी। कबीटखेड़ी ट्रीटमेंट प्लांट से ट्रीटेड पानी रेवती रेंज तक लाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल हरियाली को बचाने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति नगर निगम की गंभीरता भी साबित होगी।