इंदौर का देवी अहिल्याबाई होलकर हवाईअड्डा
- फोटो : अमर उजाला
एमवाय अस्पताल का चूहा कांड एमवाय प्रशासन के लिए सिरदर्द बना है। अब इंदौर एयरपोर्ट पर चूहा काटने की घटना सामने आई है। इंडिगो की फ्लाईट का टिकिट लेकर यात्री अरुण मोदी इंदौर एयरपोर्ट पर अपनी पत्नी के साथ गए थे। उड़ान में समय था, इसलिए वे कुछ देर के लिए पैसेंजर ब्लॉक में बैठ गए। इस बीच एक चूहा कहीं से आया और उनकी पेंट में घुस गया। उन्होंने चूहे को पकड़ा तो उसने घुटने के ऊपर काट लिया। मोदी को अपनी पेंट उतरना पड़ी, तब जाकर चूहे को बाहर निकाला जा सका।
जब अरुण मोदी ने पैर पर घाव देखा तो अपने परिचित डॉक्टर को कॉल किया। डॉक्टर ने रेबीज का इंजेक्शन लगाने की सलाह दी लेकिन मोदी को एयरपोर्ट की मेडिकल डेस्क पर रेबीज का इंजेक्शन नहीं मिला। फिर उन्होंने टिटनेस का इंजेक्शन लगाने के लिए कहा, लेकिन उसकी भी व्यवस्था नहीं हो पाई। इस बीच विमान के उड़ान भरने का भी समय हो गया था। इस कारण उन्होंने बेंगलुरु जाकर ही इंजेक्शन लगाना उचित समझा।
ये भी पढ़ें: MP News: ओबीसी आरक्षण निर्णायक मोड़ पर: सुप्रीम कोर्ट में आज से रोजाना सुनवाई, सरकार और ओबीसी महासभा की एकराय
अरुण बेंगलुरु की आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। वे भोपाल में रहते हैं। आपको बता दें कि इंदौर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा है, लेकिन उस हिसाब से व्यवस्था पुख्ता नहीं है। परिसर में अक्सर कुत्ते भी घूमते नजर आते हैं। चूहों के दिखाई देने की शिकायतें भी अक्सर सामने आती है।
इंदौर के एमवाय अस्पताल में दो नवजात बच्चियों की चूहों के हमले के बाद हुई मौत को लेकर गुस्सा अभी कम भी नहीं हुआ था कि एयरपोर्ट पर ये घटना हो गई। एयरपोर्ट निदेशक विपिनकांत सेठ ने जानकारी बताया कि यात्री को संभवतः चूहे ने काटा था। उसे तुरंत उचित इलाज प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में फिर से पेस्ट कंट्रोल किया गया।