इंदौर-धार रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने जीजा के साथ इंदौर में पिता के घर राखी मनाने आ रही थी। रास्ते में अचानक उनकी बाइक के सामने गाय आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम माचल के पास हुआ हादसा
बेटमा पुलिस के मुताबिक, यह घटना ग्राम माचल के पास हुई। सोमवार करीब शाम 4 बजे 23 वर्षीय बिंदू पति प्रभू, निवासी काली बिल्लोद बेटमा, और उसका जीजा सोनू पुत्र मुन्ना बाइक से जवाहर टेकरी स्थित बिंदू के मायके आ रहे थे। तभी रास्ते में अचानक गाय आ जाने से सोनू ने बाइक को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन फिसल गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
सिर पर गंभीर चोट, अस्पताल में मौत
हादसे में बिंदू के सिर पर गंभीर चोट आई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिंदू को मृत घोषित कर दिया। सोनू को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल भेजा गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।
नौ माह की गर्भवती थी बिंदू
बिंदू के पिता ने बताया कि उसकी पहले से दो बेटियां हैं और वह तीसरी बार मां बनने वाली थी। गर्भावस्था का नौवां महीना चल रहा था और डिलीवरी की तैयारी की जा रही थी। हादसे में न केवल बिंदू की, बल्कि उसके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। बिंदू का परिवार जवाहर टेकरी में मजदूरी का कार्य करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।