नई तकनीक से सड़कों का पेचवर्क
- फोटो : amar ujala
विजय नगर में सबसे पहले उखड़ा पेचवर्क
नगर निगम ने सबसे पहले विजय नगर क्षेत्र की सड़कों पर नई तकनीक से गड्ढे भरे थे। हालांकि पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद यहां पेचवर्क फिर उखड़ गया और सड़कें दोबारा गड्ढों में तब्दील हो गईं। अब शहरवासियों को पूरे वर्षाकाल के दौरान खराब सड़कों और गड्ढों की समस्या झेलनी पड़ सकती है। हाल ही में हाईकोर्ट द्वारा गठित समिति के अध्यक्ष ने भी बैठक में कहा था कि सड़कों पर गड्ढे दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं और इस दिशा में गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
नई तकनीक को लेकर किए गए थे बड़े दावे
नगर निगम के अधिकारियों ने नई तकनीक को लेकर दावा किया था कि इसमें न तो गर्म डामर की आवश्यकता होती है और न ही पेचवर्क से पहले सड़क की सतह को सुखाने की जरूरत पड़ती है। अधिकारियों के अनुसार, वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर का उपयोग सीधे गीले या पानी से भरे गड्ढों में किया जा सकता है। इसे बिना गर्म किए और बिना सतह सुखाए इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे मरम्मत का काम तेज और कम लागत में पूरा होने का दावा किया गया था। नगर निगम का यह भी कहना था कि यह तकनीक आपातकालीन परिस्थितियों, ग्रामीण क्षेत्रों और हर मौसम में सड़क मरम्मत के लिए उपयुक्त है तथा भारी ट्रैफिक और कठिन परिस्थितियों में भी लंबे समय तक टिकाऊ साबित होगी। हालांकि शुरुआती बारिश में ही इसके दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।