सुबह से मुंबई आगरा रोड पर लंबा जाम लगा हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
भोपाल गैस कांड का जहरीला कचरा पीथमपुर Pithampur में जलाने का विरोध बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार सुबह हजारों लोग पीथमपुर के आसपास की सड़कों पर निकल आए और सभी रास्तों को जाम कर दिया। इंदौर, पीथमपुर, महू, राऊ, मुंबई, आगरा और रतलाम रोड पूरी तरह से जाम कर दी गई। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ जाम देर रात तक लगा हुआ है और पुलिस प्रशासन की सांसें फूल रही हैं। सैकड़ों लोग जाम में फंसे हुए हैं। इनमें पर्यटक, कंपनियों के कर्मचारी, फैक्ट्रियों के ट्रक और आम नागरिक भी शामिल हैं।
संकरे रास्ते और खेतों में आवाजाही भी बंद
बंद की स्तिथि इतनी खतरनाक है कि लोगों ने संकरे रास्तों और खेतों से आवाजाही को भी बंद कर दिया है। पीथमपुर में आने जाने वाले नागरिक भी सुबह से परेशान हैं। पीथमपुर के पावर हाउस चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाएं देर रात तक रोड पर बैठी हुई हैं। इन्होंने राऊ-पीथमपुर रोड जाम कर रखा है। यहां करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। महिलाओं का कहना है कि उनसे अब तक कोई अधिकारी मिलने नहीं आया है। महिलाओं ने कहा कि भोपाल का कचरा वापस भोपाल जाना चाहिए।
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर भी जाम
पीथमपुर में विरोध प्रदर्शन के चलते कंपनियों के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में फंसे हुए हैं। दिन में सैकड़ों कर्मचारी कंपनियों में नहीं पहुंच पाए और जो पहुंच गए वो वापस अपने घर पर नहीं आ पाए। कई कंपनियों ने तो देर रात तक कर्मचारियों को कंपनियों में ही रुकने को कहा है।
देर रात कुछ रास्तों पर लाठीचार्ज
पुलिस ने देर रात कुछ रास्तों पर लाठीचार्ज कर आवाजाही शुरू करवाई है। पावर हाउस चौराहे पर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। जिसके बाद रोड पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे लोग वहां से भागे। इसी तरह कुछ अन्य रास्तों पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।