Indore News: इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें एक लाख से ज्यादा भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। भक्तों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए चलित भंडारे की व्यवस्था की, ताकि हर भक्त को आसानी से प्रसादी मिल सके।
इंदौर के प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर में मंगलवार शाम से भंडारा शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने इस बार चलित भंडारे की व्यवस्था की। भक्तों को थालीनुमा बॉक्स में प्रसादी दी गई ताकि वे उसे अपने साथ घर ले जा सकें। मंदिर के महिला-पुरुष भक्त मंडल ने संपूर्ण व्यवस्था को संभाला। भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया। अनुमान है कि इस आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
विज्ञापन
फूल बंगला और भगवान का विशेष शृंगार
भंडारे से पूर्व मंदिर में भगवान रणजीत हनुमान के लिए फूल बंगला सजाया गया और भव्य शृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि भगवान की विशेष आरती और छप्पन भोग अर्पित करने के बाद भंडारे की शुरुआत की गई। इस बार श्रद्धालुओं को लाइन में बैठाकर प्रसादी नहीं दी गई, बल्कि उन्हें पैक प्रसाद सौंपा गया ताकि बाहर की भीड़ पर नियंत्रण रखा जा सके और भक्तों को लंबा इंतजार न करना पड़े। यह व्यवस्था भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई।
भक्तों के लिए विशेष पैकेट में परोसी गई प्रसादी
पं. व्यास के अनुसार, भक्तों को दिए गए प्रसाद के थालीनुमा पैकेट में तीन खानों में व्यंजन परोसे गए। पहले काउंटर से राम भाजी, दूसरे से चार से पांच पूरियाँ, तीसरे से नुक्ती दी गई और यह सब एक ढक्कन वाले पैकेट में बंद कर श्रद्धालुओं को सौंपा गया। इस व्यवस्था से प्रसादी ले जाने में सहूलियत रही। इस आयोजन के लिए 70 क्विंटल से ज्यादा आटा, 160 डिब्बे तेल, 65 डिब्बे शुद्ध घी, 800 क्विंटल बेसन और 16 बोरी शक्कर एवं मसालों का उपयोग किया गया।
विज्ञापन
अभिषेक और प्रसादी की तैयारियों में जुटा भक्त मंडल
मंगलवार सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर में भगवान रणजीत हनुमान का विधिवत अभिषेक कर उनका भव्य शृंगार किया गया। मंदिर परिसर के ग्राउंड में बड़ी मात्रा में प्रसादी तैयार की गई, जिसमें भक्त मंडल की टीम ने पूरे समर्पण के साथ व्यवस्थाएँ संभालीं। चलित भंडारा शाम से लेकर देर रात तक चलता रहा और एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस दिव्य आयोजन में भाग लिया।