इंदौर के साकार नगर में रहने वाले ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम को लापता हुए शुक्रवार को 8 दिन हो गए हैं। 23 मई को उनके लापता होने की जानकारी सामने आई थी। उन्हें आखिरी बार ओसरा हिल्स के आसपास देखा गया था, लेकिन अब तक उनका कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
गाइड नहीं किया था
मेघालय में पूर्वी खासी हिल्स के एसपी एचपी खारकोंगर ने बताया कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई को शिलांग पहुंचे थे। 22 मई को होटल से चेकआउट करने के बाद उन्होंने सिसौरा में एक होटल में अपना सामान रखा, लेकिन उन्हें वहां कमरा नहीं मिला। एसपी ने बताया कि यह होटल भी सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है, जिसे जांच के लिए लिया गया है। इसके बाद दंपती माउलाकया गांव की ओर बढ़े थे, जहां उनकी स्कूटी पार्किंग में मिली थी। इसके बाद वे छिपारा होम स्टे पहुंचे और अगले दिन सुबह 5:30 बजे वहां से निकल गए थे। वहां उन्होंने गाइड नहीं लिया और कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें रास्ते में देखा था। लेकिन इसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
सर्च ऑपरेशन में बाधाएं, स्कूटी और बैग बरामद
ड्रोन की मदद से सर्चिंग तेज
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दंपती की तलाश के लिए एसडीपीओ, डीएसपी और एसपी रैंक के अफसरों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया है। इसके अलावा एसडीआरएफ, फायर सर्विसेज सर्च टीम, ग्रामीण टीम और स्पेशल ऑपरेशन टीम के साथ ड्रोन की मदद से भी इलाके की निगरानी की जा रही है। ड्रोन की सहायता से पुलिस ने आसपास के कई गांव और इलाकों में सर्च किया है, लेकिन अब तक दंपती का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।