इंदौर में 22 वर्षीय एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवक की मौत के दो दिन बाद एक वीडियो कॉल सामने आया है, जिसमें उसकी प्रेमिका उसे आत्महत्या की धमकी देती नजर आ रही है। वह वीडियो में पंखे में लगे फंदे को गले में डालती और पेट पर तलवार रखती दिख रही है। परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका उसे ब्लैकमेल कर रही थी, वहीं प्रेमिका के परिवार वाले युवक से मारपीट कर उस पर दूर रहने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें...
Indore News: ये बसें हैं या 'मौत का सफर'? स्कूल-कॉलेज के ड्राइवर नशे में पकड़ा रहे
क्या है पूरा मामला?
मामला इंदौर के परदेशीपुरा इलाके के शिवाजी नगर का है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय अभिषेक प्रजापत ने 14 नवंबर को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। अभिषेक की मौत के बाद अब उसके परिजनों ने खुशी नाम की एक युवती और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ब्लैकमेलिंग का वीडियो आया सामने
इस मामले में एक वीडियो कॉल का फुटेज सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर प्रेमिका खुशी, अभिषेक को धमकी दे रही है। वीडियो में वह पंखे में लगे फंदे को अपने गले में लगाती दिख रही है। इतना ही नहीं, वह अपने गले और पेट पर तलवार रखकर अभिषेक से कहती है कि "अगर मुझे छोड़ा तो जान दे दूंगी।" वीडियो में दूसरी तरफ अभिषेक उसे ऐसा न करने के लिए लगातार समझाता हुआ सुनाई दे रहा है।
पिता का आरोप: दोहरी प्रताड़ना झेल रहा था बेटा
मृतक अभिषेक के पिता रामहित प्रजापत ने बताया कि अभिषेक और खुशी के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे और दोनों साथ पढ़ते थे। पिता का आरोप है कि खुशी उनके बेटे को ब्लैकमेल कर रही थी और कई बार सुसाइड की धमकी दे चुकी थी। इसके विपरीत, खुशी के परिवार वाले अभिषेक को धमका रहे थे और उस पर लड़की से दूर रहने का दबाव बना रहे थे।
मारपीट और पुलिस में झूठी शिकायत का आरोप
अभिषेक के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले खुशी के परिजनों ने अभिषेक के साथ मारपीट की थी। उन्होंने अभिषेक के खिलाफ भागीरथपुरा चौकी में झूठी शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे पुलिस चौकी में बंद कर दिया गया था। परिजनों के मुताबिक, पुलिस कर्मियों ने भी अभिषेक को धमकाया था कि वह लड़की को भूल जाए।
पुलिस जांच जारी
अभिषेक को सबसे पहले उसकी छोटी बहन ने शुक्रवार (14 नवंबर) शाम को फंदे पर लटका देखा था। परिवार में अभिषेक के अलावा एक भाई और दो बहनें हैं। पिता नाश्ते की दुकान चलाते हैं, जबकि अभिषेक साउंड सिस्टम का काम करता था। फिलहाल, परदेशीपुरा पुलिस ने अभिषेक का मोबाइल जब्त कर लिया है और परिवार के आरोपों के आधार पर जांच कर रही है।