इंदौर के मुख्य रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम जल्दी ही शुरू होने वाला है। सिंहस्थ 2028 तक नया स्टेशन शुरू होगा। निर्माण अवधि में मुख्य रेलवे स्टेशन से चलने वाली कुछ रेल गाड़ियां लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी।
मार्च तक अहमदाबाद की कंपनी काम शुरू कर देगी। इस प्रोजेक्ट पर 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हाल ही में जारी हुए रेल बजट में भी इसके लिए राशि आवंटित हुई है। यह रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधा से लैस होगा और बिल्डिंग भी चार मंजिला होगी। यात्री सुविधा पर भी रेल विभाग का फोकस रहेगा।
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि नया रेलवे स्टेशन अगले 50 सालों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इसके लिए आसपास की जमीन भी ली जाएगी। निर्माण करने वाली कंपनी को वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है। निर्माण अवधि के दौरान प्लेटफार्म का उपयोग भी होता रहे, इसे लेकर वर्कप्लान निर्माण एजेंसी से मांगा गया है। लक्ष्मीबाई नगर रोड स्टेशन से भी कुछ ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। नए रेलवे स्टेशन का विस्तार पार्क रोड तक होगा।
ये सुविधाएं मिलेंगी नए रेलवे स्टेशन में
नए स्टेशन की बिल्डिंग एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेगी। भीतर शाॅप, फूडजोन रहेंगे। यात्रियों के लिए आरामदायक फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर, टिकट काउंटर, शेड बनेंगे। वेटिंग रूम पहले की तुलना में बड़े व आधुनिक होंगे। यात्रियों के रूकने के लिए रूम, रूफ प्लाजा, प्लेटफॉर्म कवर क्षेत्र बनेंगे। रीगल पर बनने वाले मेट्रो स्टेशन को भी रेलवे स्टेशन से जोड़ने की प्लानिंग के लिए अफसरों को कहा गया है।
इसके अलावा मल्टीलेवल पार्किंग भी रहेगी, ताकि ज्यादा समय तक पार्क रहने वाली गाड़ियां व्यवस्थित रखी जा सकें। पार्क रोड को भी नए स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इंदौर रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म भी एक सीध में बनेंगे।
अभी प्लेटफार्म पर गैप रहने के कारण हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। नए रेलवे स्टेशन के लिए पार्किंग व पार्सल विभाग का हिस्सा भी यात्री सुविधा के लिए लिया जा सकता है। पार्सल विभाग को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। नए स्टेशन के निर्माण का भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल किया था।