कावड़ यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इंदौर खंडवा रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं इंदौर देवास रोड पर जाम की समस्या अभी भी बनी हुई है। बड़ी संख्या में रहवासी रोज परेशान हो रहे हैं।
सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक रोक
श्रावण महीने में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री इंदौर से खंडवा और ओंकारेश्वर की ओर जाते हैं। उनकी सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने खंडवा रोड पर भारी मालवाहक वाहनों (जैसे ट्रक) की आवाजाही पर रोक लगा दी है। यह रोक सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी और सिर्फ श्रावण मास के दौरान ही रहेगी। यह आदेश आज से लागू हो गया है। इस दौरान ट्रक जैसे भारी वाहन इंदौर से खंडवा और खंडवा से इंदौर की ओर नहीं चल सकेंगे। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक रास्ते यानी एबी रोड होते हुए सनावद की ओर भेजा जाएगा। हालांकि यात्री बसें, कार, बाइक, दूध और गैस सप्लाई वाले वाहन, पानी के टैंकर, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन इस रोक से मुक्त रहेंगे। प्रशासन ने साफ कहा है कि यह फैसला कावड़ यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए लिया गया है। यदि कोई वाहन चालक इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ब्रिज के नीचे लग रहा जाम
इंदौर देवास रोड पर सिंगापुर टाउनशिप के पास में रोज जाम लग रहा है। सैकड़ों लोग रोज सुबह शाम परेशान हो रहे हैं लेकिन यहां पर कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। सिंगापुर टाउनशिप के आसपास के रहवासी क्षेत्रों के हजारों लोग इस जाम से परेशान हैं। रोज सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे और नौकरी पर जाने वाले लोग परेशान होते हैं। अर्जुन बड़ौद में चल रहे ब्रिज के आसपास लग रहे जाम से तो कुछ मुक्ति मिली है लेकिन अन्य जगहों पर जाम अभी भी बना हुआ है।