इंदौर में आज दिनभर चला बारिश का दौर
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर में लगातार हो रही बारिश से शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बुधवार दोपहर 1 बजे इंदौर के कई क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुककर शाम तक चलती रही। कल रात 9 बजे से आज शाम 7 बजे तक आधे इंच से अधिक पानी गिरा। रात 9 बजे के बाद भी अलग-अलग इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होती रही और सिलसिला देर रात तक जारी रहा। अगस्त महीने का औसत कोटा 10 इंच का है, जिसमें से करीब 7 इंच बारिश पूरी हो चुकी है। इनमें से 3 इंच बारिश तो केवल दो दिनों में दर्ज की गई है।
सीजन का आधा कोटा पूरा
इंदौर में पूरे मानसून सीजन का औसत 36 इंच बारिश माना जाता है। इस लिहाज से अब तक आधे से अधिक कोटा यानी 22 इंच बारिश पूरी हो चुकी है। बुधवार को इंदौर में दिन का तापमान 29.8 और रात का 22.5 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश से एक मानसून टर्फ गुजर रही है, जिसके कारण इंदौर और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। इसके अलावा दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन, दो टर्फ और एक लो प्रेशर एरिया भी सक्रिय है। 21-22 अगस्त को सिस्टम और मजबूत होगा, जिससे जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।