Indore News: इंदौर में सोमवार दोपहर को हुई तेज बारिश ने दो दिनों की उमस भरी गर्मी से तत्काल राहत प्रदान की। इस बारिश से न केवल तापमान में गिरावट आई, बल्कि देर रात तक चली ठंडी हवाओं ने मौसम को भी सुहावना बना दिया।
शहर में पिछले दो दिनों से जारी उमस और गर्मी से परेशान लोगों को सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश ने बड़ी राहत दी। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम तक 17.75 मिमी बारिश हुई। देर रात तक चली ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया।
अगले 3 दिन हल्की बारिश, फिर तेज बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में अगले 3 दिनों तक हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि, 25-26 सितंबर से एक नया कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। माना जा रहा है कि इस दौर के बाद मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने जानकारी दी कि रविवार को प्रदेश में कोई बड़ा बारिश का सिस्टम सक्रिय नहीं था, लेकिन स्थानीय सिस्टम के प्रभाव से इंदौर में यह बारिश हुई है। उन्होंने मंगलवार को भी हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।
इंदौर संभाग में बारिश का कोटा पूरा
इस मानसून सीजन की शुरुआत में इंदौर और उज्जैन संभाग में बारिश की स्थिति अच्छी नहीं थी। एक समय इंदौर प्रदेश में सबसे कम बारिश वाले क्षेत्रों में शामिल था, जिससे सामान्य बारिश के कोटे को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी। लेकिन सितंबर महीने में हुई अच्छी और तेज बारिश ने इस कमी को पूरा कर दिया है और इंदौर में सामान्य बारिश का आंकड़ा लगभग पूरा हो गया है।