Indore News: इंदौर के जिला कोर्ट परिसर में शादी कराने के नाम पर युवक से सवा लाख रुपये की ठगी का मामला आया है। लुटेरी दुल्हन और उसका कथित भाई पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि मुख्य दलाल और अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंदौर के जिला कोर्ट परिसर में शादी कराने के नाम पर एक युवक से सवा लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। लुटेरी दुल्हन और उसका कथित भाई पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि मुख्य दलाल और एक अन्य आरोपी फरार हो गए।
कोर्ट परिसर में रचा गया नाटक
एमजी रोड थाना पुलिस के अनुसार फरियादी सुनील बरोदिया निवासी सागौर, जिला धार ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि अजय जोशी नामक व्यक्ति ने फोन पर संपर्क कर सुनील की शादी कराने का झांसा दिया और एक युवती की फोटो दिखाई। इसके बाद कोर्ट परिसर में नोटरी के सामने शादी का नाटक रचाया गया।
विज्ञापन
दुल्हन पहले से शादीशुदा निकली
बताया जा रहा है कि सपना अहिरवार नामक महिला दुल्हन बनकर कोर्ट पहुंची थी, जबकि रवि रघुवंशी उसका भाई बनकर साथ आया था। शादी की प्रक्रिया के दौरान सुनील से सवा लाख रुपये ले लिए गए। इसके बाद अजय और युवती का पिता बनकर आया व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
पैसे लेने के बाद सामने आई सच्चाई
जब फरियादी ने सपना से शादी को लेकर सवाल किया तो उसने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है। उसने स्वीकार किया कि अजय ने उसे दुल्हन बनकर खड़े होने के लिए कहा था और इसके बदले पैसे देने का लालच दिया गया था।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
घटना के बाद मौके से रवि रघुवंशी और सपना अहिरवार को पकड़ लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, जबकि मुख्य दलाल अजय जोशी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।