फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indore News: दिलजीत दोसांझ के शो का विरोध बढ़ रहा, भाजपा विधायक के बाद बजरंग दल भी मैदान में

Fri, 06 Dec 2024 06:45 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

Indore News: इंदौर में दिलजीत दोसांझ के शो का बजरंग दल ने विरोध करते हुए खालिस्तानी समर्थन के आरोप लगाए और आयोजन की अनुमति रद्द करने की मांग की। प्रशासन ने मामले को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विधायक रमेश मेंदोला के बाद बजरंग दल ने भी सौंपा ज्ञापन। - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर के खजराना इलाके में 8 दिसंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का शो प्रस्तावित है, लेकिन इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता इस आयोजन के खिलाफ मुखर हो गए हैं और उन्होंने शुक्रवार को जोन-2 के एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने दिलजीत पर खालिस्तानी समर्थक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी कला का गलत उपयोग कर रहे हैं और देशविरोधी बयानों के कारण युवाओं को भटकाने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि इस कार्यक्रम की अनुमति रद्द की जाए और पुलिस-प्रशासन को इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था प्रदान नहीं करनी चाहिए।

खालिस्तानी आतंकी के समर्थन में बयान दिए हैं

विज्ञापन

बजरंग दल ने आरोप लगाया कि दिलजीत ने पूर्व में खालिस्तानी आतंकी के समर्थन में बयान दिए हैं और ऐसे व्यक्तित्व को सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शन करने देना देश की अखंडता और शांति के लिए खतरा हो सकता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि दिलजीत जैसे कलाकार युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकते हैं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन इस कार्यक्रम को अनुमति देता है तो बजरंग दल इसका मौके पर जाकर विरोध करेगा। इस मुद्दे को लेकर बजरंग दल ने एडिशनल डीसीपी को ज्ञापन सौंपा और अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खालिस्तानी समर्थकों के बयान देने वाले किसी भी कलाकार को मंच देने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। 

विधायक रमेश मेंदोला ने भी सौंपा ज्ञापन
कंसर्ट के टिकट कुछ दिन पहले ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए थे। लेकिन, कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन बिक्री बंद हो गई, और इसके बाद टिकट की कालाबाजारी की खबरें सामने आईं। बताया गया कि 5 हजार रुपए के टिकट 50 हजार रुपए तक बेचे जा रहे हैं। बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला ने भी इसे लेकर सिख समाज के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि टिकट की कालाबाजारी रोकी जाए और 5 हजार का टिकट 5 हजार में ही उपलब्ध कराया जाए। आयोजन स्थल छोटा होने और सड़क संकरी होने के कारण संभावित ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान किया जाए। कार्यक्रम में शराब परोसने की अनुमति रद्द की जाए। 
विज्ञापन


सिख समाज बोला शराब न परोसी जाए
सिख समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए इस कार्यक्रम में ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर उचित प्रबंध करने की मांग की। विधायक मेंदोला ने कहा कि कार्यक्रम स्थल छोटा और सड़कें संकरी हैं, जिससे क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो सकती है। साथ ही, उन्होंने शराब परोसने की अनुमति का विरोध करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया।  

कलेक्टर बोले आबकारी नियमों का सख्ती से पालन होगा
कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि सिख समाज द्वारा ट्रैफिक, टिकट कालाबाजारी और अन्य मुद्दों पर ज्ञापन दिया गया है। इसमें नियमानुसार अनुमति दी जाएगी और आयोजन के दौरान आबकारी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रबंध किए जाएंगे ताकि क्षेत्र में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।  

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें