आलीराजपुर में पुलिस विभाग से जुड़ी एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां पुलिस बटालियन की 34वीं वाहिनी में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रविंद्र परमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना गुरुवार की शाम लगभग 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि एएसआई परमार अपनी ड्यूटी समाप्त कर कैंप पहुंचे थे और किसी से मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी उन्होंने खुद को गोली मार ली। रविंद्र परमार इंदौर के मरीमाता क्षेत्र स्थित रामबाग कॉलोनी के निवासी थे और जुलाई माह से आलीराजपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
विज्ञापन
आलीराजपुर में ही थे वरिष्ठ अधिकारी
घटना के समय, इंदौर के डीआईजी निमिष अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आलीराजपुर में ही मौजूद थे। एएसआई परमार वरिष्ठ अधिकारी एडीजी डीजी सागर के फॉलो में ड्यूटी पर थे और ड्यूटी खत्म करने के बाद कैंप लौटे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान वे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे। परिवार के लोगों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, वे इंदौर से रात में आलीराजपुर पहुंचे। उनके परिवार में पत्नी और 26 साल का बेटा शामिल है। पुलिस ने जानकारी दी है कि एएसआई परमार का शव पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह इंदौर ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कारण
इंदौर डीआईजी निमिष अग्रवाल के अनुसार, अभी तक आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले में प्रथम दृष्टया मर्ग कायम किया है और जांच जारी है। एएसआई परमार की उम्र 60 वर्ष थी और वे करीब दो साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस आत्मघाती कदम के पीछे क्या कारण रहे।